मुख्यमंत्री से मिले विधायक प्रदीप लारिया, नरयावली के विकास एजेंडे को दी नई गति

मुख्यमंत्री से मिले विधायक प्रदीप लारिया, नरयावली के विकास एजेंडे को दी नई गति
(सांदीपनि विद्यालय, उच्च दाब विद्युत केंद्र एवं महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए रखा सशक्त पक्ष)

भोपाल, 2 जून; नरयावली विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं एवं महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

विधायक श्री लारिया ने कर्रापुर एवं मकरोनिया में सांदीपनि विद्यालयों के शीघ्र संचालन का विषय प्रमुखता से रखते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन संस्थानों का प्रारंभ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए दूरगामी रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।

उन्होंने नरयावली विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ती विद्युत मांग तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 132/33 केव्ही नवीन उच्च दाब विद्युत केंद्र की शीघ्र स्थापना का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय एवं स्थायी बनेगी, जिससे किसानों, उद्यमों तथा आम नागरिकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

विधायक लारिया ने विधानसभा क्षेत्र की सुगम एवं बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत आवश्यक नवीन सड़क मार्ग की स्वीकृति का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई विभिन्न विकास घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन का अनुरोध करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय जनाकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक लारिया द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार एवं आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि विधायक प्रदीप लारिया लगातार नरयावली विधानसभा की आधारभूत संरचना, शिक्षा, ऊर्जा एवं संपर्क सुविधाओं के विस्तार के लिए सक्रिय पहल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से हुई यह भेंट क्षेत्र की दीर्घकालिक विकास आवश्यकताओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

Read More