
सागर के एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा को मिलेगा प्रतिष्ठित ‘रुस्तम जी पुरस्कार-2024’
पुलिस मुख्यालय ने किया चयन, 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र से होंगे सम्मानित
Writing
सागर। सागर पुलिस के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा का चयन मध्यप्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित ‘रुस्तम जी पुरस्कार-2024’ के लिए किया गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी आदेश में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई।
इस सम्मान के तहत सिन्हा को 50 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। मध्यप्रदेश पुलिस का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उत्कृष्ट पुलिस सेवा, प्रभावी नेतृत्व, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।
लोकेश कुमार सिन्हा अपने कुशल प्रशासनिक नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली और जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था संधारण तथा पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के रूप में कार्यरत सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों के प्रभावी निराकरण और पुलिसिंग को अधिक सशक्त एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों ने श्री सिन्हा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सिन्हा का यह चयन न केवल उनकी उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है, बल्कि पूरे सागर पुलिस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय भी है। उनकी यह उपलब्धि युवा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।










