
महानआर्यमन सिंधिया के नेतृत्व में क्रिकेट क्रांति की ओर बढ़ रहा मध्य प्रदेश, आकाश सिंह राजपूत ने सराहे प्रयास
क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिला रहे महानआर्यमन सिंधिया, एमपीएल के शुभारंभ में आकाश सिंह राजपूत ने की भेंट
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के शुभारंभ अवसर पर होलकर स्टेडियम में हुई विशेष भेंट
इंदौर।
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष युवराज महानआर्यमन सिंधिया के नेतृत्व में आयोजित मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) का भव्य शुभारंभ इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत अपने साथियों सहित स्टेडियम पहुंचे और आयोजन की भव्यता का साक्षी बने।
कार्यक्रम के दौरान आकाश सिंह राजपूत ने एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया से सौजन्य भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। दोनों के बीच प्रदेश में क्रिकेट प्रतिभाओं के विकास, युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा मध्य प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि महानआर्यमन सिंधिया के नेतृत्व में मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक उत्कृष्ट मंच बनकर उभरी है। यह प्रतियोगिता न केवल क्रिकेट प्रतिभाओं को अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि युवाओं में खेल भावना और अनुशासन को भी प्रोत्साहित कर रही है।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट जगत के चर्चित खिलाड़ी रजत पाटीदार एवं वेंकटेश अय्यर सहित अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैदान पर अपना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और आकर्षण कई गुना बढ़ गया है।
विशेष उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी बुंदेलखंड बुल्स की टीम ने मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी। वहीं इस वर्ष भी बुंदेलखंड क्षेत्र की गर्ल्स एवं बॉयज दोनों टीमें प्रतियोगिता में सहभागिता कर रही हैं। इन टीमों में भारतीय महिला क्रिकेट की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनुष्का शर्मा तथा उभरती हुई क्रिकेटर क्रांति गौंड जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रदेश स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्राप्त हो रहा है और क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में भी खेल के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
युवा शक्ति संगठन के सदस्यों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों का आनंद लिया। स्टेडियम में उपस्थित क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए महानआर्यमन सिंधिया द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश की खेल संस्कृति को नई दिशा और नई ऊर्जा प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में युवा शक्ति संगठन के सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए एमपीसीए एवं महानआर्यमन सिंधिया को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग भविष्य में प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत माध्यम बनेगी।











