मालथौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 60 लीटर से अधिक अवैध शराब और कार सहित दो तस्कर गिरफ्तार

मालथौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 60 लीटर से अधिक अवैध शराब और कार सहित दो तस्कर गिरफ्तार
सागर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मालथौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60.480 लीटर अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 1.34 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मालथौन पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-44 सागर-ललितपुर मार्ग स्थित मालथौन कट के पास एक कार से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर जांच की।
तलाशी के दौरान मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक MP15ZJ6322 से कुल 7 पेटियों में रखी 60.480 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 300 क्वार्टर देशी लाल मसाला शराब (54 लीटर) तथा 36 क्वार्टर बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (6.480 लीटर) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से भूपेन्द्र सिंह राजपूत (46) निवासी ग्राम लुहर्रा, जिला टीकमगढ़ तथा तूफान राय (42) निवासी ग्राम बम्होरी हुड्डा, थाना बांदरी, जिला सागर को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत लगभग 34,320 रुपये तथा कार की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार जैन, सहायक उपनिरीक्षक अरुण श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक शेख आबिद, आरक्षक स्वदेश परिहार, आरक्षक विकास एवं आरक्षक प्रशांत की सराहनीय भूमिका रही। सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Read More