
विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का विशेष अभियान आज से शुरू, अटल पार्क में होगा पौधारोपण
सागर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर विशेष अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस संबंध में भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की, जबकि सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।
जानकारी के अनुसार जिला भाजपा का मुख्य कार्यक्रम गुरुवार सुबह 8 बजे अटल पार्क परिसर में आयोजित किया जाएगा। यहां पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ होगा। इसके बाद जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। समाज की सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण का निर्माण संभव है।
बैठक में जिला पदाधिकारी जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, निकेश गुप्ता, सुमित यादव, नितिन सोनी, जय सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











