
विवाद में युवक की हत्या, मां और तीन बेटों समेत चार गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
सागर। शहर के रविशंकर वार्ड में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक की कथित रूप से लोहे की पाइप और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, भोपाल निवासी 40 वर्षीय अतुल जड़िया मंगलवार शाम अपने ननिहाल स्थित घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान पारिवारिक संपत्ति को लेकर उनका रिश्तेदारों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मामा-मामी और उनके बेटों ने मिलकर अतुल पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अतुल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी दूर रहने की चेतावनी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने देव सोनी, दिव्यांश सोनी, तनु तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। वहीं घटना में शामिल अमित सोनी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण संपत्ति विवाद सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










