पुलिस लाइन में एसपी अनुराग सुजानिया ने ली जनरल परेड की सलामी, शस्त्रों-वाहनों का किया निरीक्षण

पुलिस लाइन में एसपी अनुराग सुजानिया ने ली जनरल परेड की सलामी, शस्त्रों-वाहनों का किया निरीक्षण
सागर। पुलिस लाइन सागर में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की तैयारियों और अनुशासन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, समयपालन तथा कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान पुलिस बल के टर्नआउट, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं विभिन्न परेड गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया गया। एसपी ने वर्दी की गरिमा बनाए रखने और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रों, वाहनों एवं अन्य पुलिस उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद पुलिस लाइन स्थित रक्षित निरीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन देते हुए पुलिस बल के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा, प्रोबेशनर आईपीएस दीपांशु, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग के अनुसार नियमित जनरल परेड का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, कार्यकुशलता, शारीरिक क्षमता और मनोबल को सुदृढ़ बनाए रखना है।

Leave a Comment

Read More