
भूमि विवाद में युवक की हत्या का मामला: मोतीनगर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक भूमि और संपत्ति विवाद इस हत्या की मुख्य वजह बना।
पुलिस के अनुसार मोहन नगर वार्ड निवासी 80 वर्षीय कमलाबाई ने थाना मोतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जून की शाम उनके पुत्र अमित सोनी अपने परिवार के साथ घर पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद बढ़ गया और परिजनों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान अतुल जड़िया के साथ मारपीट की गई और उस पर लोहे के पाइप से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अतुल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में थाना मोतीनगर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने देव सोनी (21 वर्ष), दिव्यांश सोनी (18 वर्ष), तनु सोनी (45 वर्ष) तथा एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया, जबकि अपचारी बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी से मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत सहित मोतीनगर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











