
मोतीनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संभावित जहरीली कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
सागर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को संभावित जहरीली कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लीटर हाथ से निर्मित अवैध शराब जब्त कर उसके खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रजौआ रोड स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब बेचने की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना मोतीनगर की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धीरज कोरी (33 वर्ष) निवासी आवासी कॉलोनी बाघराज वार्ड, मोतीनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीले रंग की प्लास्टिक कुप्पी में रखी लगभग 5 लीटर मटमैली और दुर्गंधयुक्त कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह शराब अमानक एवं मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक प्रतीत हुई।
आरोपी शराब रखने अथवा बेचने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने करीब 600 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34 एवं 49(क) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। शराब के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर नियमानुसार परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, उप निरीक्षक गौरव गुप्ता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध अथवा संदिग्ध शराब का सेवन न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।











