
श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, कथा श्रवण कर लिया आध्यात्मिक संदेशों का लाभ
सागर।विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने चकराघाट स्थित प्राचीन श्री विठ्ठल मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता कर कथा श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कथावाचक पंडित श्री केशव कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा सुनकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, धर्म, भक्ति एवं मानव जीवन के संस्कारों से जुड़े प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने, मानवीय मूल्यों को अपनाने तथा समाज में सद्भाव और सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।
विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। ऐसी धार्मिक एवं आध्यात्मिक कथाएं व्यक्ति को जीवन में सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करती हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श, कर्मयोग और भक्ति का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना द्वापर युग में था। कथा श्रवण से आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक चेतना का अनुभव प्राप्त होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति, श्रद्धालुजन एवं धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की तथा धार्मिक वातावरण में आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।











