
सागर जिले को मिला सम्मान, राज्यसभा प्रत्याशी बने रजनीश अग्रवाल — भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने दी बधाई
सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की गई, जिसमें मध्यप्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग एवं भाजपा प्रदेश मंत्री तथा सागर जिले के मंडी बामोरा निवासी रजनीश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नेता द्वय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
जिलाध्यक्ष श्री तिवारी ने रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मंडी बामोरा जैसी सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर संगठन में वर्षों तक निष्ठा, समर्पण एवं कार्यकर्ता भावना के साथ कार्य करने वाले श्री रजनीश अग्रवाल को पार्टी नेतृत्व द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना सागर जिले के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है। यह कार्यकर्ता आधारित राजनीति तथा संगठन की मजबूत कार्यसंस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के बल पर सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है। श्री अग्रवाल को मिली यह जिम्मेदारी लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने सागर जिले के कार्यकर्ता को इतना महत्वपूर्ण दायित्व देकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने राज्यसभा के लिए घोषित अन्य सभी प्रत्याशियों को भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।











