
शाहपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार
सागर। सागर जिले के थाना सानौधा अंतर्गत शाहपुर चौकी क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई जारी रखते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 11 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 की रात शाहपुर क्षेत्र में शराब बेचने के संदेह को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति पर हमला कर दिया था। लाठी और लोहे की रॉड से की गई मारपीट में नीरज प्रजापति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
घटना के बाद थाना सानौधा में हत्या, बलवा, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लगातार दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब दो अन्य फरार आरोपियों जागेश्वर लोधी निवासी धबौली, जिला सागर तथा रोहित लोधी निवासी केवलारी, जिला दमोह को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की मामले में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर सहित थाना सानौधा एवं चौकी शाहपुर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











