सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी सागर पुलिस, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी सागर पुलिस, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
सागर। आगामी सिंहस्थ-2028 के मद्देनज़र सागर पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (जेएनपीए), सागर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, मिथिलेश शुक्ला, पुलिस उप महानिरीक्षक, सागर रेंज, शशीन्द्र चौहान तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने अकादमी पहुंचकर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।
अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे आयोजन में पुलिस की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, संचार प्रणाली, आपदा प्रतिक्रिया, वीआईपी ड्यूटी, यातायात नियंत्रण और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से जवानों को प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
सागर पुलिस का मानना है कि इस तरह के क्षमता संवर्धन कार्यक्रम न केवल सिंहस्थ-2028 बल्कि भविष्य में होने वाले अन्य बड़े आयोजनों और विशेष परिस्थितियों में भी पुलिस बल की कार्यकुशलता को मजबूत करेंगे। पुलिस विभाग द्वारा प्रशिक्षण का यह सिलसिला लगातार जारी रखा जाएगा ताकि आगामी सिंहस्थ को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।

Leave a Comment

Read More