सुविधा घर बना ‘असुविधा घर’: 6 सीटर शौचालय में 3 सीटों के दरवाजे गायब, तौलिया डालकर उपयोग करने को मजबूर लोग

सुविधा घर बना ‘असुविधा घर’: 6 सीटर शौचालय में 3 सीटों के दरवाजे गायब, तौलिया डालकर उपयोग करने को मजबूर लोग
सागर। नगर निगम के विट्ठल नगर वार्ड में बना सार्वजनिक सुविधा घर इन दिनों लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। आम आदमी पार्टी के संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत राज ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सुविधा घर में व्यापक स्तर पर गंदगी फैली हुई है और नाली निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
लक्ष्मीकांत राज ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय में कुल 6 सीटें हैं, लेकिन इनमें से 3 सीटों के दरवाजे ही नहीं हैं। ऐसे में लोगों को मजबूरी में तौलिया डालकर शौचालय का उपयोग करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति स्वच्छ भारत अभियान के दावों की जमीनी हकीकत को उजागर करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर करीब 5 बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल शौचालयों के दरवाजे लगवाने, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
लक्ष्मीकांत राज ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर छोटे-बड़े नेता स्वच्छ भारत अभियान का प्रचार करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति कई जगहों पर इससे बिल्कुल अलग है। विट्ठल नगर का यह सुविधा घर लोगों की सुविधा के बजाय असुविधा का घर बन चुका है।

Leave a Comment

Read More