
सागर, 24 सितंबर 2026। भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा ब्राइट कैरियर स्पेशल अकैडमी, मकरोनिया में आयोजित सात दिवसीय संभाग स्तरीय बेसिक गाइड कैप्टन एवं रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना जिले के प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर में प्रतिभागियों को स्काउटिंग गतिविधियों के साथ जीवन जीने की कला, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान व्यायाम, ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग इतिहास, प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, मैपिंग, कंपास, हाइक और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।
विश्व शांति दिवस पर मैसेंजर ऑफ पीस की गतिविधियां
21 सितंबर को विश्व शांति दिवस के अवसर पर जिला एमओपी कोऑर्डिनेटर कृष्णा साहू ने मैसेंजर ऑफ पीस की विभिन्न गतिविधियां कराईं। प्रतिभागियों को एमओपी का परिचय, एमओपी बीट और ‘अ ले ले’ सॉन्ग सहित अन्य गतिविधियों से जोड़ा गया। साथ ही Scout.org से संबंधित जानकारी भी दी गई।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की थीम “शांति में निवेश करें—सभी के लिए, हर जगह, हर दिन” रही। प्रतिभागियों को विश्व में शांति, सद्भावना और अपनत्व की भावना बढ़ाने तथा स्काउट-गाइड के माध्यम से सेवा कार्यों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
ग्रैंड कैंप फायर में दिखी प्रतिभागियों की प्रतिभा
समापन कार्यक्रम में ग्रैंड कैंप फायर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक संचालक एवं संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संभाग सागर आशुतोष गोश्वामी ने किया। कार्यक्रम में ब्राइट कैरियर स्पेशल अकैडमी के प्राचार्य धर्मेन्द्र त्रिपाठी एवं गौरी शंकर शर्मा (डीटीसी) उपस्थित रहे।
अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माला, स्कार्फ और शॉल से स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं तथा सात दिवसीय शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया।
प्रशिक्षकों और सहयोगियों का रहा योगदान
बेसिक गाइड कैप्टन शिविर की संचालिका शर्मिष्ठा जगताप तथा बेसिक रेंजर लीडर प्रशिक्षण के लिए लीडर ट्रेनर कंचन सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला। शिविर संचालन में दुर्गा गोवा, रश्मि दुबे, कृष्णा साहू (मैसेंजर ऑफ पीस कोऑर्डिनेटर), रश्मि ठाकुर, मंजूलता सोनी सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।
समापन अवसर पर आशुतोष गोश्वामी ने सभी शिविर संचालकों, सहयोगियों और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 32 जोड़ी स्काउट-गाइड यूनिफॉर्म के साथ प्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाओं की व्यवस्था पर जोर दिया।
अंत में सहायक राज्य संगठन आयुक्त, संभाग सागर कंचन सिंह ने अतिथियों, सहयोगी स्टाफ, राष्ट्रपति अवार्ड प्राप्त भगवान सिंह लोधी, राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी कर रहे चार गाइड, प्रशिक्षणार्थियों, डायरेक्टर स्कूल सी.एस. आनंद एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।








