तीन दिनों में 400 से अधिक व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण, 165 के लिए गए ब्लड सैंपल; स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर आवश्यक परामर्श दे रही संयुक्त टीम
सागर, 24 नवंबर 2026
जिले में अत्यधिक एवं आदतन मदिरा सेवन करने वाले व्यक्तियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती वंदना पांडे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिलेभर में स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड सैंपलिंग एवं काउंसलिंग की कार्रवाई की जा रही है। जिसमें गौरझामर, केसली, रहली, बंडा, बीना सहित सागर शहर के सिविल लाइन, गोपालगंज, पुरवयाउ, मकरोनिया, तिली, शास्त्री वार्ड, वल्लभनगर वार्ड, झांसी बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग द्वारा कार्यवाही की गई।
अभियान के अंतर्गत विगत तीन दिनों में अब तक कुल 417 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है, जबकि 165 व्यक्तियों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान संबंधित व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही उन्हें अत्यधिक मदिरा सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों तथा इससे जुड़ी संभावित बीमारियों के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
संयुक्त टीम द्वारा व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें मदिरा सेवन की आदत से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिन व्यक्तियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या की आशंका है, उन्हें आवश्यकतानुसार आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित न रहकर लोगों को मदिरा सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
जिला प्रशासन की इस पहल में स्वास्थ्य एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श का लाभ पहुंचाया जा सके।







