भाजपा सागर ग्रामीण की बैठक में तैयारियों को लेकर बनी रणनीति, अभिषेक भार्गव ने कहा- संकल्प को जनांदोलन का स्वरूप देंगे
सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 नवंबर को सागर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भाजपा कार्यालय में भाजपा सागर ग्रामीण की बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
भाजपा जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा ने कहा कि 29 नवंबर को आयोजित होने वाली इस विशाल पदयात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। तीनों वरिष्ठ नेताओं का सागर आगमन प्रस्तावित है। वे जिला मुख्यालय पर आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा अध्यक्षों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। विधानसभा स्तर पर विभिन्न टोलियां गठित कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विधायक वीरेंद्र लंबरदार ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ केवल पदयात्रा का नारा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित की आवाज बुलंद करने का संकल्प है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और उसकी आवाज का सम्मान होना चाहिए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अभिषेक भार्गव ने कहा कि 29 नवंबर को सागर की सड़कों पर निकलने वाली विशाल पदयात्रा इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में इस संकल्प को जनांदोलन का स्वरूप देने के लिए पूरी ताकत से जुटें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का संदेश हर नागरिक तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। बूथ स्तर तक समन्वय बनाकर पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाया जाए।
पूर्व जिला अध्यक्ष जाहर सिंह ने कहा कि 29 नवंबर को सागर का हर मार्ग लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध के संकल्प का साक्षी बनेगा। पदयात्रा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा के संयोजक गौरव सिरोठिया ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा का शुभारंभ 28 नवंबर को सुबह 10 बजे सागर के बड़तूमा से होगा, जो कानपुर तक जाएगी। उन्होंने यात्रा की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं।
जिला मीडिया प्रभारी नवीन भट्ट ने बताया कि कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ और शक्ति केंद्रों तक कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। बूथ अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक का संचालन जिला कार्यालय मंत्री संजय चौबे ने किया तथा आभार जिला उपाध्यक्ष विवेक मिश्रा ने माना।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री राजेंद्र तिवारी, उमा खटीक, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, दौलत यादव, प्रीतम सिंह राजपूत, अमित नायक, लक्ष्मण सिंह सिलारपुर, महेश पाठक, महेंद्र सिंह महूना, रूपेश रोशन खरे, योगेश दुबे, काशीराम यादव, देवेंद्र लोधी, कुंवर सिंह राजपूत, नीतेश जैन, राजाराम पटेल, गोपाल अहिरवार, रवींद्र पटैरिया, प्रीति जैन, भरत पंडा, आयुष पांडे, कृष्णा सिंह एवं राहुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







