अक्षय नवमी आज: आंवले के वृक्ष की पूजा से मिलता है अक्षय पुण्य, जानिए धार्मिक महत्व, व्रत कथा और पूजन विधि

SHARE:

सागर/देवरी। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी के रूप में मनाया जाता है। इसे आंवला नवमी, धात्री नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्नान, जप, तप, दान, मौन, सेवा और पूजा-पाठ करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन आंवले के वृक्ष का पूजन, परिक्रमा और आंवले का सेवन विशेष फलदायी माना गया है।

डॉ. अनिल दुबे वैदिक, देवरी बिछुआ ने बताया कि कार्तिक शुक्ल नवमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। उत्तर और मध्य भारत में इस दिन अक्षय नवमी अथवा आंवला नवमी का पर्व मनाया जाता है, जबकि दक्षिण और पूर्व भारत के कई क्षेत्रों में इसी दिन जगद्धात्री पूजा की परंपरा है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु एवं भगवान शिव का वास माना जाता है। इसलिए इस दिन सुबह स्नान के बाद आंवले के वृक्ष की साफ-सफाई कर विधि-विधान से पूजा की जाती है। वृक्ष पर जल, दूध और पुष्प अर्पित कर धूप-दीप दिखाया जाता है तथा उसकी परिक्रमा की जाती है। पूजन के दौरान ‘धात्र्यै नमः’ मंत्र का जाप करना शुभ माना गया है।

उन्होंने बताया कि अक्षय नवमी का महत्व अक्षय तृतीया के समान ही माना गया है। मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कर्मों का पुण्य कभी समाप्त नहीं होता और व्यक्ति को कई जन्मों तक उसका फल प्राप्त होता है।

आंवला नवमी की पौराणिक कथा

प्राचीन समय में काशी नगरी में एक व्यापारी अपनी पत्नी के साथ रहता था। उनकी कोई संतान नहीं थी, जिसके कारण व्यापारी की पत्नी हमेशा दुखी रहती थी। एक दिन किसी व्यक्ति ने उसे संतान प्राप्ति के लिए भैरव बाबा को जीवित बच्चे की बलि देने का गलत सुझाव दिया।

संतान की लालसा में व्यापारी की पत्नी ने पति से छिपाकर एक बच्चे की बलि दे दी। इसके बाद वह अनेक रोगों से पीड़ित हो गई। जब पति को इस घटना का पता चला तो उसने पत्नी को पाप से मुक्ति के लिए गंगा स्नान और ईश्वर की सच्चे मन से प्रार्थना करने की सलाह दी।

कई दिनों तक गंगा स्नान और प्रार्थना करने के बाद गंगा माता ने वृद्ध महिला के रूप में दर्शन दिए। उन्होंने कार्तिक शुक्ल नवमी को वृंदावन में व्रत रखकर आंवले के वृक्ष की पूजा करने का उपाय बताया। व्यापारी की पत्नी ने विधि-विधान से व्रत और पूजन किया। धार्मिक कथा के अनुसार इससे उसके कष्ट दूर हुए और उसे स्वस्थ संतान की प्राप्ति हुई। तभी से महिलाएं सुख-सौभाग्य, आरोग्य और संतान सुख की कामना से आंवला नवमी का व्रत करती आ रही हैं।

आंवला नवमी पूजन सामग्री

आंवले का पौधा एवं फल, तुलसी के पत्ते और तुलसी का पौधा, कलश, जल, कुमकुम, सिंदूर, हल्दी, अबीर-गुलाल, अक्षत, नारियल, सूत, धूप-दीप, श्रृंगार सामग्री, साड़ी-ब्लाउज तथा दान के लिए अनाज आदि पूजन में उपयोग किए जाते हैं।

डॉ. अनिल दुबे वैदिक ने बताया कि आंवला नवमी का पर्व प्रकृति के प्रति श्रद्धा, धार्मिक आस्था, दान-पुण्य और सेवा का संदेश देता है। इस दिन श्रद्धापूर्वक आंवले के वृक्ष का पूजन कर सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की जाती है।

धार्मिक जानकारी: डॉ. अनिल दुबे वैदिक, देवरी बिछुआ संपर्क: 9936443138

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें