युवा उत्सव के दूसरे दिन गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग
अग्रणी महाविद्यालय में उत्साह और उमंग के बीच हुईं विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, अंतिम दिन 10 स्पर्धाओं का होगा आयोजन
सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में आयोजित महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव 2026 का दूसरा दिन गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के नाम रहा। मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने अपनी गायन, वादन और नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर पूरे महाविद्यालय परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, जनभागीदारी प्रभारी डॉ. प्रतिभा जैन एवं युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। आदि गुरु शंकराचार्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों एवं विद्यार्थियों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
युवा उत्सव के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शास्त्रीय एकल नृत्य का संचालन डॉ. प्रतिभा जैन एवं सविता सुनहरे के मार्गदर्शन में हुआ। पाश्चात्य एकल गायन की जिम्मेदारी डॉ. नीलम सिंह, पाश्चात्य समूह गायन का संचालन डॉ. संजय राय तथा लोक वाद्यवृंद का मार्गदर्शन देवकृष्ण नामदेव ने किया।
इसी क्रम में शास्त्रीय एकल गायन श्रीमती रेणु सोलंकी, सुगम एकल गायन डॉ. गुलफसा कसाब तथा भारतीय समूह गायन डॉ. राम कुमार तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। एकल वादन परकुशन का दायित्व डॉ. विकास चन्द्र त्रिपाठी ने संभाला, जबकि नॉन परकुशन एकल वादन का संचालन डॉ. शैलेन्द्र सिंह राजपूत एवं श्रीमती रश्मि दुबे ने किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला, संगीत की समझ और रचनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि युवा उत्सव का तीसरा एवं अंतिम दिन बुधवार, 18 नवंबर को आयोजित होगा। इस दिन मिमिक्री, मूक अभिनय, एकांकी, स्किट, पाश्चात्य वादन और क्रिएटिव कोरियोग्राफी सहित 10 प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि युवा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।
भारत न्यूज़ 24 live.com







