किसानों को सुबह 8 से रात 8 बजे तक खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
सागर। किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को खुरई गल्ला मंडी स्थित डबल लॉक खाद वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर खाद वितरण की व्यवस्थाएं सुचारू पाई गईं।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश एवं उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के आदेशानुसार 20 नवंबर को कृषि विभाग खुरई के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कमलेश कुमार अहिरवार एवं बीटीएम पवन सिंह ठाकुर ने दोनों खाद वितरण केंद्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को हो रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान केंद्रों पर नियमित रूप से किसानों को उर्वरक वितरित किया जाना पाया गया। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा किसानों को खाद प्राप्त करने में परेशानी की स्थिति सामने नहीं आई।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने खाद वितरण केंद्र प्रभारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शासन के निर्देशानुसार प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक नियमित रूप से खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।








