जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल; बूथ स्तर तक जनसंपर्क कर जुटाई जाएगी सहभागिता
सागर। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत 29 नवंबर को सागर में आयोजित होने वाली पदयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। वरिष्ठ नेताओं की प्रस्तावित उपस्थिति को देखते हुए भाजपा संगठन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा है।
बैठक में विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों एवं प्रकोष्ठ संयोजकों ने पूर्व में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने नवनियुक्त मोर्चा कार्यकारिणी के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर, महिला मोर्चा जिला महामंत्री शारदा कोरी, किसान मोर्चा से रामकुमार यादव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष उमेश गौंड, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री राहुल नामदेव एवं अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुकर जाटव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक अर्पित पांडे, स्वयंसेवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक प्रासुक जैन, जैन प्रकोष्ठ जिला संयोजक डॉ. दशरथ मालवीय, आदित्य उपाध्याय, राजेश पंडित, देवी पटेल एवं विवेक सोधिया सहित विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बूथ स्तर तक पहुंचने का दिया लक्ष्य
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन की मजबूत कड़ी हैं। संगठन को सशक्त बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने संगठनात्मक क्षेत्रों में नियमित प्रवास करें तथा प्रदेश नेतृत्व की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय पर बैठकें आयोजित करें।
उन्होंने पदाधिकारियों से पदयात्रा के लिए टोलियां गठित कर बूथ स्तर तक पहुंचने, आमजन को कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
श्याम तिवारी ने कहा कि पदयात्रा में जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति सागर जिले के लिए गौरव का अवसर है। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और पूर्ण अनुशासन के साथ जुटकर कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाएं।
वर्चुअल बैठक में भी तैयारियों की समीक्षा
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम संयोजक एवं सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन तथा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला स्तरीय वर्चुअल बैठक भी आयोजित की। इसमें जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दोनों नेताओं ने पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करने, जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी पदयात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com







