जहरीली शराब से युवक की मौत पर शहर कांग्रेस में आक्रोश, महेश जाटव ने प्रशासन को घेरा

SHARE:

मृतक के परिजनों से की मुलाकात, एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

सागर। विवेकानंद वार्ड के मछरयाई स्थित शराब दुकान के पास शराब पीने के बाद एक युवक की मौत और दूसरे युवक की हालत गंभीर होने की घटना को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने कड़ा आक्रोश जताया है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने मृतक विष्णु पिता राजाराम खटीक (35 वर्ष) के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान महेश जाटव ने प्रशासन और आबकारी विभाग पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 4-5 दिनों से जिले में जहरीली शराब से मौतों की घटनाएं सामने आ रही हैं। बंडा, जैतपुर और ईश्वरवारा में भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।

जाटव ने कहा कि आबकारी विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस लगातार प्रशासन को चेताने के लिए प्रदर्शन, जुलूस और ज्ञापन के माध्यम से अपनी आवाज उठा रही है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है।

कांग्रेस ने रखीं चार प्रमुख मांगें

महेश जाटव ने प्रशासन से मांग की कि मछरयाई स्थित संबंधित शराब दुकान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। शराब के सैंपल लेकर उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए शराब और नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब की घटनाओं से लोगों की जान जा रही है और परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ रही है।

इस अवसर पर जितेंद्र रोहन, राहुल चौबे, वीरेंद्र राज, हेमराज रजक, जितेंद्र चौधरी, सुनील ठाकुर, इंजीनियर मनीष सिंह, सागर साहू, आनंद हेला, नीलेश अहिरवार, संजू अहिरवार, महेश अहिरवार, शुभम सोनी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें