
अंबेडकर वार्ड में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, लोगों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
सागर। अंबेडकर वार्ड में दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समारोह के दौरान रिशांक तिवारी ने वार्डवासियों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं स्थानीय विषयों पर चर्चा करते हुए संवाद किया। उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन जैसे आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को एक-दूसरे से मिलने, विचार साझा करने और आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और सकारात्मक संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है। भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है। ये पर्व हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज के लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य भी करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन मोनू लारिया ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







