
बुंदेली राई से गुजरात के गरबा और महाराष्ट्र की लावणी तक दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता, द्वितीय दिवस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा
सागर। बुंदेली लोक नृत्य व नाट्य कला परिषद, कनेरा देव, सागर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “एक भारत–श्रेष्ठ भारत सांस्कृतिक विरासत 33वां राष्ट्रीय लोक महोत्सव 2026” का आयोजन 14 एवं 15 नवंबर को पद्माकर सभागार में किया गया। महोत्सव के द्वितीय दिवस 15 नवंबर को देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में लगभग 200 लोक कलाकारों ने सहभागिता की। कलाकारों ने अपने-अपने राज्यों के पारंपरिक लोक नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को मंच पर साकार किया।
महोत्सव में बुंदेलखंड का प्रसिद्ध राई नृत्य, गुजरात का गरबा एवं मिश्र रास, महाराष्ट्र की लावणी, राजस्थान का कालबेलिया एवं चकरी, ओडिशा का डालखाई, हरियाणा का फाग और उत्तर प्रदेश का मयूर नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक लोक कलाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इस राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की CFPGS अनुदान योजना के अंतर्गत किया गया। इसमें दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर, बोली विकास अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद एवं संस्कृति संचालनालय, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा संस्कृति विभाग गुजरात सरकार का सहयोग रहा।
लोक संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास
महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य देश की विविध लोक संस्कृतियों, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना, लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। दो दिवसीय आयोजन ने एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूती प्रदान करते हुए देश की सांस्कृतिक एकता और अखंडता का संदेश दिया।
सागर में आयोजित इस राष्ट्रीय लोक महोत्सव के माध्यम से विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं को एक मंच पर देखने का अवसर मिला।







