भुगतान और तुलाई में अंतर का आरोप, दबाव बनाने व धमकी देने की भी शिकायत; निष्पक्ष जांच की मांग
देवरी। कृषि उपज मंडी देवरी में मक्का नीलामी एवं तुलाई के बाद भुगतान को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम जैतपुर स्थित मेसर्स आदिनाथ इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अनिल कुमार जैन ने मंडी सचिव एवं व्यापारी सदस्य प्रकोष्ठ को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को मंडी में नीलामी क्रमांक 27013112658 के तहत अनिरुद्ध नामक किसान से 13.90 क्विंटल मक्का खरीदा गया था। व्यापारी का कहना है कि नीलामी की निर्धारित कीमत के अनुसार हम्माली एवं कटौती सहित कुल भुगतान 32,518 रुपये किया गया।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि मंडी में आई मक्का की तुलाई और गोदाम पर पहुंचने के बाद प्राप्त वजन में अंतर सामने आया। उनके अनुसार, ड्राइवर द्वारा गोदाम पर मक्का उतारते समय एक फर्शी, हरी नेट और लकड़ी का डंडा भी छोड़ दिया गया था, जिसका वजन लगभग 13 से 15 किलोग्राम बताया गया। व्यापारी का दावा है कि मक्का की वास्तविक तुलाई और कटौती के हिसाब में अंतर होने के बावजूद मंडी स्तर पर इसका उचित निराकरण नहीं किया गया।
शिकायत में व्यापारी ने बताया कि हिसाब-किताब के अनुसार 13 क्विंटल 95 किलोग्राम मक्का का मूल्य 32,782 रुपये बनता है, जिसमें हम्माली की कटौती के बाद 32,470 रुपये का हिसाब सामने आया। इसके बावजूद मंडी अनुबंध के अनुसार उनसे 32,518 रुपये का भुगतान कराया गया तथा 48 रुपये अतिरिक्त भुगतान किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत में गुड्डू हरिशंचंद्र लोधी अमौदा सहित कुछ लोगों द्वारा धमकी दिए जाने तथा धरना-प्रदर्शन कर नुकसान पहुंचाने की बात कहे जाने का भी उल्लेख किया गया है। व्यापारी का कहना है कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने मंडी प्रशासन से मांग की है कि नीलामी, तुलाई, भुगतान और संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही शिकायत में जिन लोगों पर दबाव एवं धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं, उनके संबंध में भी उचित जांच कर कार्रवाई की जाए।
व्यापारी ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने मंडी अधिनियम की किसी भी प्रकार की अवहेलना नहीं की है। अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और पूरे मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।







