(विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के प्रयासों से स्वीकृत सड़क का सांसद डॉ. लता वानखेड़े की उपस्थिति में हुआ भूमिपूजन; गुड़ा, नरवानी, डुंगासरा, सानोधा, पड़रिया और परसोरिया सहित अनेक गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत)
मकरोनिया/16 नवंबर। मकरोनिया सहित नरयावली विधानसभा क्षेत्र में विकास की निरंतर आगे बढ़ती कड़ी में सोमवार को एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के सतत प्रयासों से स्वीकृत मकरोनिया की लाइफ लाइन सड़क (एसएएफ बटालियन से नरवानी मार्ग) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन सांसद डॉ. लता वानखेड़े के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया की अध्यक्षता में बटालियन ग्राउंड, मकरोनिया में संपन्न हुआ। लगभग 8 करोड़ 16 लाख 29 हजार रुपये की लागत से 4.70 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण सेतु बनेगी।
विकास की दृष्टि और जनसुविधा का महत्वपूर्ण मार्ग
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आमजन के जीवन को सुगम बनाना और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। मकरोनिया की यह लाइफ लाइन सड़क इसी सोच का परिणाम है। इस मार्ग के निर्माण से गुड़ा, नरवानी, डुंगासरा, सानोधा, पड़रिया और परसोरिया सहित आसपास के अनेक गांवों की मकरोनिया एवं सागर से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि अभी इन गांवों के लोगों को आवागमन के लिए लगभग 5 से 7 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। सड़क बन जाने से यह दूरी बचेगी और लोगों को टोल मार्ग की निर्भरता से भी राहत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज और कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए आवागमन में सुविधा होगी, विद्यार्थियों का विद्यालय एवं महाविद्यालय तक पहुंचना आसान होगा तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचने में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा। यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण आधार बनेगी।
विधायक श्री लारिया ने कहा कि एक समय मकरोनिया ग्राम पंचायत के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज यह तेजी से विकसित होते नगर की श्रेणी में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। मकरोनिया सहित पूरी नरयावली विधानसभा में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र का प्रत्येक गांव बेहतर संपर्क एवं सुविधाओं से जुड़े। उन्होंने कहा कि जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृत कराना और उन्हें धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने विकास कार्यों को बताया क्षेत्र की प्रगति का आधार
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अपने संबोधन में कहा कि सड़कें विकास की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। मकरोनिया क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण सड़क की सौगात से बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नगरवासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित के ऐसे कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई गति प्रदान करते हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष मिहीलाल ने भी संबोधित करते हुए सड़क निर्माण को मकरोनिया के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया तथा इसके लिए विधायक श्री लारिया के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस सड़क के निर्माण से मकरोनिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई संभावनाएं मिलेंगी।
मंच संचालन पार्षद विवेक सक्सेना एवं आभार प्रदर्शन कपिल कुशवाहा ने किया
इस अवसर पर प्रभुदयाल पटेल,कुश बोर्ड अध्यक्ष, जिला महामंत्री चैन सिंह, सुमित यादव,ऑफिसर यादव,नीकेश गुप्ता,जयंती मौर्य ,मधुकर जाटव, शारदा खटीक, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, सौरभ केशरवानी, अशोक सिंह पड़रिया,सोहन लोधी, सुखदेव मिश्रा,अनिल तिवारी, शिक्षा विश्वकर्मा, उमा रजक, वर्षा विश्वकर्मा, रेखा चौधरी,रेखा वर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जसवंत सिंह राठौर, जनप्रतिनिधि,पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







